संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। शहर के विभिन्न सेक्टर्स में घास की कटाई नहीं की जा रही है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। शिकायत के बावजूद अधिकारी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सभी सेक्टर्स में सड़कों के किनारे घास बढ़ रहा है। इसके अलावा सेक्टर-5 और घग्गर पार के सेक्टर्स में यह समस्या सबसे ज्यादा है।
घग्गर पार के सेक्टरों में कई प्लॉट खाली पड़े हैं, जहां अभी तक निर्माण नहीं किया है। उन प्लॉटों में ज्यादा जंगली घास पैदा हो गई है। सेक्टर-23 और 26 में कई बार अजगर निकल चुके हैं। सांप निकलना तो लोगों के लिए आम बात हो गई है। डर के मारे लोग घरों से नहीं निकल रहे हैं।
प्लॉट मालिकों से लिया जा रहा नॉन कंस्ट्रक्शन चार्जएचएसवीपी की ओर से उन प्लॉट मालिकों से नॉन कंस्ट्रक्शन चार्ज वसूला जाता है, जिन्होंने अपने प्लॉटों में निर्माण कार्य नहीं किया है। यह चार्ज उस प्लॉट की देखभाल व रखरखाव के लिए होता है। एचएसवीपी समय पर चार्ज तो वसूला जा रहा है, मगर रखरखाव की ओर ध्यान नहीं है।
-
रात को सोते समय दरवाजे और जमीन के बीच रहने वाले गैप में कपड़ा फंसाना पड़ता है ताकि कोई जहरीला जीव अंदर न आ सके। लोगों को हमेशा इसका डर बना रहता है।
- ज्ञानचंद, सेक्टर-26
इस बारे में कई बार अधिकारियों के पास गए हैं, मगर हर बार केवल आश्वासन ही मिला है। हमारी मांग है कि खाली प्लॉटों की घास काटी जाए ताकि वहां व्यवस्था बहाल हो सके।
-भगवानदास मित्तल, सेक्टर-25
कई जगह तो भांग के पौधे लगे हुए हैं। नशेड़ी उनमें घुसे रहते हैं। इससे सेक्टर का माहौल खराब होता है। अधिकारियों को इस बारे में अवगत कराया है। हर बार कार्रवाई का आश्वासन ही मिलता है।
- मनफूलचंद, सेक्टर-26
जब प्लॉट मालिकों से भारी-भरकम नॉन कंस्ट्रक्शन चार्ज वसूला जा रहा है तो प्लॉटों के रख-रखाव की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। बिना देर किए घास कटवाया जाना चाहिए।
-एसपी गर्ग, सेक्टर-26
कोट्स
यह मेरी जानकारी में नहीं है। होर्टिकल्चर विंग के क्षेत्र में कहीं अगर घास बढ़ गई है तो उसे कटवा दिया जाएगा।
- डॉ. निधि भारद्वाज, एक्सईएन हॉर्टीकल्चर पंचकूला, एचएसवीपी।