पंचकूला। क्राइम ब्रांच-19 की टीम ने चोरी के वाहन मामले में पहले पकड़े गए आरोपी के साथी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राकेश कुमार निवासी मोहाली के रूप में हुई है। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि 25 फरवरी को टीम ने अमरटैक्स चौक से ग्रीन बेल्ट फेस-1 इंडस्ट्रियल एरिया की ओर जाने वाली सड़क के पास एक एक्टिवा सवार युवक को काबू किया था। पूछताछ में उसकी पहचान सतबीर निवासी जीरकपुर, मोहाली के रूप में हुई। जांच के दौरान स्कूटी की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी हुई थी और दूसरी नंबर प्लेट गायब थी, जिस पर पुलिस को शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह स्कूटी अपने मौसी के लड़के के साथ मिलकर चंडीगढ़ से चोरी की थी। इसके बाद उसके खिलाफ संबंधित थाना में चोरी का मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया था। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम ने दूसरे आरोपी राकेश कुमार निवासी मोहाली को भी गिरफ्तार कर लिया। संवाद