पंचकूला। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से 10वीं विज्ञान की परीक्षा सोमवार को हुई। इसमें अधिकतर प्रश्न सिलेबस से आए। लेकिन इस बार प्रश्न बड़े होने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी हुई। उन्होंने ने बताया कि उनका विज्ञान का प्रश्नपत्र कठिन आया और इसमें 40 प्रश्न बहुविकल्पीय और छह प्रश्न लिखने के लिए आए थे। गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-15 में 10वीं की परीक्षा देने पहुंचे जगमीत सिंह, संजना और अमिता कौर ने बताया कि इस बार विज्ञान के पेपर में गुरुत्वाकर्षण, बल, प्रकाश सहित अन्य चैप्टर से आए थे। साथ ही बहुविकल्पीय प्रश्न को हल करके ही उत्तर निकालना पड़ा। पेपर को हल करने में समय लगा। अभ्यास होने के बाद भी पेपर को 2.30 घंटे में हल करने में मशक्कत करनी पड़ी। वहीं परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थियों ने बताया कि पेपर एवरेज रहा है। लेकिन कई प्रश्नों को हल करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती रही और इस बार परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई। इस दौरान स्कूलों में केंद्र व्यवस्थापक की ओर से लगातार चेकिंग की गई। जिला शिक्षा अधिकारी उर्मिला देवी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा हुई हैं और कोई नकल करने का मामला सामने नहीं आया है।