संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। स्कूल संचालक ने डीसी रेट पर नाैकरी लगवाने का झांसा देकर अमरावती एनक्लेव निवासी व्यक्ति से पांच लाख रुपये हड़प लिए। शिकायतकर्ता जोगिंद्र निवासी सिनेरिया ब्लाक अमरावती एनक्लेव ने बताया कि पैतृक गांव के पास के गांव के व्यक्ति अमरजीत, जो हर्ष इंटरनेशनल स्कूल का संचालक है, उसके संपर्क में आया। 2016 में आरोपी अमरजीत सिंह ने झांसे में लेकर कहा कि अगर किसी को हरियाणा में डीसी रेट पर नौकरी लगवानी है तो वह लगवा सकता है क्योंकि कई अफसर और नेता उसके जानकार हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बातों में आकर उसने अपनी पत्नी को डीसी रेट पर नौकरी लगवाने के लिए आरोपी के मांगने पर दो लाख रुपये एडवांस में दिए। इसके बाद अमरजीत नौकरी लगवाने का आश्वासन देता रहा परंतु नौकरी नहीं लगवाई और बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह उसके स्कूल और कार्यालय के चक्कर लगाकर थक गया परंतु आरोपी ने न तो नौकरी लगवाई और न ही पैसे दिए। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह सामाजिक स्तर पर मौजिज व्यक्तियों को लेकर उसके पास पहुंचा तो दो लाख रुपये का चेक दिया, बाद में पता चला कि जो चेक दिया है वह बंद खाते का है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने करीब आठ साल तक अपने स्तर पर कोशिश की परंतु पैसे न मिलने पर उसने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।