गांव भरैली की सरपंच आरती देवी व उसके प्रति गुरप्रीत सिंह के साथ गांव के कुछ शरारती लोगों की ओर से मारपीट व दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया है। बरवाला पुलिस को दी अपनी शिकायत में सरपंच आरती देवी ने बताया कि वह शनिवार रात को अपने पति गुरप्रीत सिंह के साथ कार में अपने मायके बतौड़ से भरैली आ रही थी। जैसे ही वे गांव के बाहर फिरनी पर पहुंचे तो गांव के तीन शरारती लोग बिल्ला, सीपा व कालू ने उनकी कार को रोककर उनसे मारपीट व दुर्व्यवहार किया। सरपंच ने इस घटना की सूचना तुरंत बरवाला पुलिस चौंकी में दी। सूचना मिलते ही बरवाला पुलिस चौंकी के हवलदार विकास व अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो गए थे। वहीं इस घटना के बारे में जब बरवाला पुलिस चौंकी के हवलदार विकास से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि पुलिस इस घटना के बारे में तफ्तीश कर रही है।