पंचकूला। जिले में मंगलवार को कोरोना संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है। जिले में 1100 लोगों के सैंपल लिए गए, इसमें से कोई भी संक्रमित नहीं मिला। कोरोना का रिकवरी रेट 98.76 प्रतिशत पहुंच गया है। जिले में केवल तीन ही सक्रिय मामले रह गए हैं। जिले में कोरोना के सीमित मामलों ने अब जिला स्वास्थ्य विभाग को उत्साहित कर दिया है। सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने कहा कि संक्रमण से बचाव जरूरी है। इसके लिए मास्क लगाना और सामाजिक दूरी को भूलना चाहिए। अब तक जिले में कोरोना के कारण 376 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमण से जिले में 40308 लोग प्रभावित हुए हैं। जिसमें से पंचकूला के 30637 व्यक्ति हैं। कोरोना से रिकवर करने वालों की संख्या अब 30258 हो चुकी है। सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने बताया कि मंगलवार को कोरोना संक्रमण का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते अब तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में 385492 लोगों की सैंपलिंग की गई है।