चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की पंजाब बचाओ यात्रा एक फरवरी को अटारी में भारत-पाक सीमा से शुरू होगी और एक महीने के दौरान राज्य के 43 हलकों को कवर करेगी। पार्टी अध्यक्ष सुखबीर बादल, श्री अकाल तख्त साहिब पर माथा टेकने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ यात्रा की अगुवाई करेंगे। शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए शिअद के सीनियर नेता डाॅ. चीमा ने कहा कि यह यात्रा कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) दोनों को उजागर करेगी और राज्य के विकास में लगातार अकाली सरकारों का योगदान भी प्रदर्शित करेगी। उन्होंने कहा, ‘पिछली कांग्रेस सरकार और वर्तमान आप सरकार दोनों ने विकास, रोजगार, किसानों, व्यापारियों और समाज के कमजोर वर्गों की स्थिति में सुधार करने में नाकाम रहने के अलावा सभी वादों से मुकर कर पंजाबियों को धोखा दिया है। हम अकाली दल अध्यक्ष के साथ हर हलके में जाएंगे और हर दिन दो हलकों को कवर करेंगे। हम लोगों से कांग्रेस और आप दोनों सरकारों द्वारा किए गए कार्यों के बारे में पूछेंगे और उन्हें पूर्ववर्ती अकाली सरकारों के दौरान हुए प्रदर्शन की तुलना करने के लिए कहेंगे।’
चीमा ने कहा कि शिअद अध्यक्ष हर निर्वाचन क्षेत्र में तय स्थानों पर लोगों से मिलेंगे और उन्हें संबोधित करने के अलावा बातचीत भी करेंगे। पार्टी को प्राप्त फीडबैक के अनुसार समाज का प्रत्येक वर्ग परेशान है, क्योंकि उन्हे बार-बार फसल बर्बाद होने पर मुआवजा नहीं मिला और कमजोर वर्गों के सामाजिक भलाई लाभों में कटौती की गई है। इसके अलावा सरकारी भर्तियों में बाहरी लोगों को शामिल करके राज्य के नौजवानों को दरकिनार कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब बचाओ यात्रा प्रदेश में कानून-व्यवस्था चरमराने और गैंगस्टर संस्कृति का भी पर्दाफाश करेगी, जिसके कारण घरेलू निवेशक पंजाब से पलायन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हम आप विधायकों और मंत्रियों की ओर से किए जा रहे बड़े पैमाने पर अवैध रेत खनन के साथ-साथ आप विधायकों द्वारा ड्रग तस्करों को दिए जा रहे संरक्षण का मुद्दा भी उठाएंगे।‘
यात्रा का कार्यक्रम इस प्रकार हैः
1 फरवरी ः अटारी और राजा सांसी से शुरुआत, 2 फरवरी ः अजनाला और मजीठिया, 5 फरवरी ः अमृतसर शहरी 5 हलके, 6 फरवरी ः जंडियाला गुरु और बाबा बकाला, 7 फरवरी ः खडूर साहिब और तरनतारन, 8 फरवरी ः पट्टी और खेमकरण, 9 फरवरी ः जीरा और फिरोजपुर शहर, 12 फरवरी ः फिरोजपुर ग्रामीण और फरीदकोट, 13 फरवरी ः कोटकपुरा और जैतों, 14 फरवरी ः गिददड़बाहा और मुक्तसर, 15 फरवरी ः गुरुहरसहाय और जलालाबाद, 16 फरवरी ः फाजिल्का और अबोहर, 19 फरवरी ः बल्लुआणा और मलोट, 20 फरवरी ः लंबी और बठिंडा ग्रामीण, 21 फरवरी ः भूच्चो मंडी और बठिंडा शहरी, 22 फरवरी ः बाघापुराना और निहालसिंह वाला, 23 फरवरी ः धर्मकोट और मोगा, 26 फरवरी ः रामपुरा और मौड़ मंडी, 27 फरवरी ः बुढ़लाडा और मानसा, 28 फरवरी ः सरदुलगढ़ और तलवंडी साबो।