चंडीगढ़/नंगल। पंजाब के 20 हजार सरकारी स्कूलों में स्कूल शिक्षा विभाग की तरफ से मंगलवार को मेगा पीटीएम का आयोजन किया गया, जिसमें 27 लाख अभिभावकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री समेत सभी कैबिनेट मंत्री, विधायक व नवनिर्वाचित पंचायतें अपने-अपने क्षेत्रों के स्कूलों में आयोजित पीटीएम में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे। मुख्यमंत्री भगवत सिंह मान, शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस व सांसद मलविंदर कंग ने नंगल के स्कूल ऑफ एमिनेस की पीटीएम में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान विद्यार्थियों से बातचीत की और अभिभावकों से भी फीडबैक लिया। विद्यार्थियों ने सीएम से सूबे के सभी सरकारी स्कूलों में स्कूल ऑफ एमिनेंस बनाने की मांग की। इस दौरान मुख्यमंत्री मान ने कहा कि कुल 118 सरकारी स्कूलों को उच्च स्तर के स्कूल ऑफ एमिनेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है और राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में हाईस्पीड फाइबर वाई-फाई इंटरनेट कनेक्शन के लिए 29.3 करोड़ रुपये का बजट प्रदान किया गया है। मान ने कहा कि मेगा पीटीएम में अभिभावकों को अपने बच्चों का पूरा रिकॉर्ड मिल जाता है जिससे बच्चों को आगे बढ़ने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को शिक्षा में और निपुण बनाने के उद्देश्य से आईआईएम अहमदाबाद भेजा, 72 शिक्षक फिनलैंड में शिक्षा के गुर सीख रहे हैं। 12316 अस्थायी टीचरों को रेगुलर किया जा चुका है और 10 हजार 361 नए टीचरों की भर्ती की। सरकारी स्कूलों से शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्र-छात्राओं को समय पर किताबें और वर्दियां मिल रही हैं और शिक्षक स्टाफ की ड्यूटी मात्र बच्चों को पढ़ाने की तय की है। स्कूल में सुरक्षा कर्मचारी, कैंपस मैनेजर व बस जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। स्कूलों की सुरक्षा और सफाई के लिए 82 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी और बुनियादी ढांचा उनकी सरकार की पांच प्राथमिकताएं हैं।
मान ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रशिक्षण देने के लिए आठ हाईटेक सेंटर खोल रही है। ये केंद्र युवाओं को यूपीएससी परीक्षा पास करने और राज्य तथा देश में प्रतिष्ठित पदों पर सेवा करने के लिए मापदंड आधारित प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को उच्च पदों पर बैठाकर देश की सेवा सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब पुनर्गठन अधिनियम-1966 के उपबंधों के तहत भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) एक सांविधानिक संस्था है, जो मुख्य रूप से पंजाब और हरियाणा से संबंधित है। राज्य सरकार बीबीएमबी के खाली पदों को भरने के लिए पहले ही प्रक्रिया में है और इसके लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। मान ने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन में पंजाब के कोटे के सभी पद पहले ही भरे जा चुके हैं और अब बीबीएमबी में पदों को भरा जाएगा।