चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर राज्य के यूथ क्लबों को तोहफा दिया है। इसके तहत, बीते दो सालों के दौरान पूरी तरह सक्रिय रहे 315 यूथ क्लबों को 1.50 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। युवा सेवाएं मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने शुक्रवार को पंजाब भवन में सांकेतिक तौर पर 20 क्लबों के प्रतिनिधियों को चैक सौंपे। बाकी क्लबों को राशि बांटने के लिए जिलावार राशि जारी कर दी गई है। मीत हेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों पर आज पहले चरण में 1.50 करोड़ रुपये की राशि दी गई है और दूसरे चरण में 1.50 करोड़ रुपये की और राशि दी जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि 315 यूथ क्लबों का चयन पिछले दो सालों की जमीनी स्तर की गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए चयन किया गया है। मीत हेयर ने यूथ क्लबों के लिए एक और बड़ा एलान करते हुए कहा कि नई युवा नीति में यूथ क्लबों के लिए सालाना अवॉर्ड शुरू किया जा रहा है। जिला स्तर पर अवॉर्डों का चयन करके पहले तीन स्थान पर आने वाले क्लबों को क्रमशः 5 लाख, 3 लाख और 2 लाख रुपये की नकद राशि दी जाएगी। अवॉर्ड के चयन के लिए क्लबों की सक्रियता को आधार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रति क्लब 50 हजार रुपये अधिक से अधिक जारी किए जाएंगे। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि यह राशि वित्तीय नियमों के अनुसार पारदर्शी तरीके से खर्च किया जाए।