पंचकूला। पंचकूला से मट्टावाला की तरफ जा रहे बाइक सवार को हरियाणा रोडवेज की बस ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में लगी चोट के कारण बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव बटौली निवासी लाल सिंह के रूप में हुई है। लाल सिंह के बड़े भाई जसमेर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने रोडवेज ड्राइवर रत्न सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जसमेर सिंह ने बताया कि वह टिप्पर चलाने का काम करता है। शनिवार की सुबह 11.30 बजे वह रामगढ़ से मट्टावाला की तरफ जा रहा था। उसका भाई लाल सिंह दूध बेचकर टिप्पर के आगे-आगे बाइक से सड़क के बांई तरफ चल रहा था। मट्टावाला से करीब एक किलोमीटर पीछे एलडेको सोसाइटी के सामने अचानक टिप्पर को ओवरटेक कर एक रोडवेज की बस निकली। बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि लाल सिंह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। उसके सिर, चेहरे सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उसको इलाज के लिए कोट हेल्थ सेंटर में भर्ती किया गया। वहां के डॉक्टरों ने नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया। नागरिक अस्पताल के डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रोडवेज के चालक रत्न सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।