पंचकूला। सेक्टर-5 के यवनिका टाउन पार्क में आयोजित साप्ताहिक पुस्तक मेले के दूसरे दिन मंगलवार को पाठक विशेष उत्साह के साथ पहुंचे। मेले का आयोजन बिजली कंपनियों के तत्वाधान में छह अन्य विभागों ने मिलकर किया है। इसकी थीम ‘ज्ञान की रोशनी से रोशन होता हरियाणा, विद्युत प्रवाह से ज्ञान प्रवाह’ रखी है। मेले में 60 स्टाल पर 100 से अधिक प्रकाशन 10 से 25 प्रतिशत की छूट के साथ हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, संस्कृत, पंजाबी के साथ अन्य भाषाओं की किताबें बेच रहे हैं। पुस्तक मेले के दूसरे दिन मुख्य रूप से मराठी के प्रसिद्ध लेखक विश्वास पाटिल मौजूद रहे।
मेले में पुस्तक दान स्टाल बना आकर्षण का दान केंद्र
विद्यालय शिक्षा विभाग हरियाणा की ओर से पुस्तक दान स्टाल, पुस्तक मेले में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्टाल देख रही शिक्षिका निर्मला, मीनाक्षी और सरिता ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से यह स्टाल इसलिए लगाया गया है कि आप अपनी बिना प्रयोग वाली किताबें दान में दे सकें ताकि वह किताबें गरीबों बच्चों तक पहुंचाई जा सकें। साथ ही केंद्र सरकार के निपुण मिशन के तहत तीसरी क्लास तक के बच्चों के टीचिंग लर्निंग मेथड के साथ (टीएलएम) बच्चों को हिंदी, गणित और इंग्लिश सीखने के लिए स्टाल में आकर्ष किस्म का स्टाल लगाया है। पुस्तक मेले में आए सेक्टर-1 पीजी कॉलेज के जनसंचार विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अनिल पांडेय ने बताया कि अगर आप को मजधारों में नहीं डूबना है तो आपको किताबों से दोस्ती करनी होगी। किताबों के अध्ययन के माध्यम से आप दुनिया को भी अच्छे से समझ सकते हैं।
क्या बोले विक्रेता
सीबीटी प्रकाशन के विक्रेता रितेश ने बताया कि पुस्तक मेले में आ रहे बच्चों में स्टोरी और पिक्चर बुक को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं, प्रकाशन संस्थान के विक्रेता रमन कुमार ने बताया कि रशियन से हिंदी अनुवादित किताबों में लोग विशेष रूचि देखने को मिल रही हैं। साथ ही राजकमल प्रकाशन के मनीष ने बताया कि इमरोज की नई किताबों के साथ हिंदी के उपन्यास मेले में आ रहे पाठकों को खूब पसंद आ रहे हैं।