संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। बरवाला बस स्टैंड से डेराबस्सी सीमा मार्ग तक करीब 3.50 करोड़ रुपये से बनने वाली लगभग 3.6 किलोमीटर लंबी सड़क की री-कार्पेटिंग कार्य का विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर नगर निगम महापौर कुलभूषण गोयल भी मौजूद रहे।
स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि री-कार्पेटिंग होने से गांववासियों और आने-जाने वाले लोगों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में आठ सडकें बनाने के लिए लगभग 28 करोड़ की राशि भी मंजूर की जा चुकी है। इन आठ सड़कों का कार्य भी जल्द ही शुरू होगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में पूरे भारत में सड़कों व पुलों का जाल बिछाकर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने नौ सालों में पंचकूला के लिए लगभग पांच करोड़ के विकास कार्य करवाए हैं। इस अवसर पर बरवाला के सरपंच ओमसिंह, मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन अशोक शर्मा, मंडल अध्यक्ष गौतम राणा, जिला उपाध्यक्ष सुशील सिंगला, हरेंद्र मलिक, राजीव राठौर बीडीसी चेयरमैन और कई गांवों के सरपंचों सहित पीडब्ल्यूडी के अभियंता गौरव जैन, एसडीओ अनिल कंबोज, जेई तरुण शर्मा व अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।