जिले में बाल अपराध के मामले तेजी पकड़ने लगे हैं। हाल ही में नाबालिग बच्चियों से छेड़छाड़ और रेप के कई मामले दर्ज हुए हैं। शुक्रवार को फिर से एक बच्ची से रेप का मामला रिपोर्ट हुआ। शिकायत पर सेक्टर-5 स्थित महिला थाना पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया। फिर पीड़िता के बताए आरोपी पर रेप एवं पॉक्सो एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज किया। पुलिस ने पीड़िता के 164 के बयान भी दर्ज करवाए। महिला पुलिसकर्मियों ने पीड़िता से दोस्ताना माहौल में बातचीत कर आरोपी के संबंध में अधिक से अधिक जानकारी हासिल करने का प्रयास किया। दरअसल, जिले के एक गांव की रहने वाली पीड़िता शुक्रवार को अपने मां-बाप को साथ लेकर महिला थाने पहुंची। फिर पीड़िता समेत उसके परिजनों ने पुलिस को सिलसिलेवार तरीके से बताया कि आरोपी ने कैसे नाबालिगा की जिंदगी से खिलवाड़ किया। मामले की गंभीरता भांपकर महिला थाना पुलिस ने तुरंत आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया। महिला थाना प्रभारी व उनकी टीम आरोपी को अरेस्ट करने के प्रयास में जुटी हैं। हालांकि, शनिवार की देर रात तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। आरोपी भी नाबालिग है या नहीं, इस संबंध में पुलिस ने स्पष्ट तौर पर जानकारी होने से इनकार किया।