अंबाला रेलवे स्टेशन से क्राइम ब्रांच ने किया काबू
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने आकाश की हत्या के मामले में आरोपी राजवीर उर्फ ब्लैकिया निवासी सेक्टर-12ए को अंबाला के रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। आरोपी अंबाला रेलवे स्टेशन से ट्रेन के जरिये भागने की फिराक में था। क्राइम ब्रांच की टीम ने गुप्त सूचना पर यह कार्रवाई की है। पंचकूला पुलिस आरोपी को सोमवार को जिला अदालत में पेश कर हत्या के अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए रिमांड पर लेगी। पुलिस ने बताया कि आरोपी राजवीर और मोहित ने एक साल पहले छठ पूजा के दिन आकाश से मोबाइल छीनने की कोशिश की थी। इस मामले की आकाश ने पुलिस को शिकायत दे दी थी। जिसके बाद विवाद बढ़ गया था। हालांकि कुछ माैजिज लोगों ने इस मामले में समझौता करवा दिया था। इसके बाद भी आरोपी राजवीर, मोहित उससे रंजिश पाले हुए थे। वह दोनों आकाश के साथ कई बार बहस करते रहते थे। लोग बीच-बचाव कर मामला शांत करवा देते थे। पंचकूला सेक्टर-26 क्राइम ब्रांच इंचार्ज मंदीप सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस हत्या में इस्तेमाल चाकू को बरामद करने के लिए दबिश दे रही है। उन्होंने बताया कि आकाश की मौत के मामले की विसरा रिपोर्ट भी करनाल स्थित मधुबन लैब में जांच के लिए भेजी गई है। सेक्टर-5 थाना प्रभारी हितेंदर सिंह ने बताया कि जांच जारी है। जल्द ही पुलिस अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।