रायपुररानी। रायपुररानी में स्थित पक्का तालाब की बचाव दीवार पिछले दो सालों से टूटी पड़ी है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। तालाब की दीवार लंबे समय से टूटकर गिरी हुई है लेकिन इसके निर्माण को लेकर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। ग्रामीणों का कहना है कि दीवार न बनने से बरसात के समय सड़क की मिट्टी तालाब में चली जाती है, जिससे आसपास खड़ी गाड़ियों के लिए असुविधा बढ़ जाती है। स्थानीय निवासी अमन कश्यप, दीपक कौशिक और चमन शर्मा ने बताया कि वे कई बार विभागीय अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से इस बारे में शिकायत दे चुके हैं। हर बार केवल आश्वासन मिलता है, काम शुरू नहीं होता। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब की बचाव दीवार शीघ्र बनाने की मांग की है, ताकि गांव में स्वच्छता और जनहित से जुड़ी परेशानियों से राहत मिल सके।