बरवाला। राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर स्थित गांव गोलपुरा के बस स्टॉप पर ग्रामीणों की सुविधा के लिए बनाया गया क्यू शेल्टर खस्ताहाल में है। इसके चलते ग्रामीण खुले आसमान के नीचे बसों का इंतजार करने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों में दिलबाग सिंह, कबीर पंथी, पुरुषोत्तम शर्मा, पूर्व सरपंच राजीव शर्मा, बहबलपुर वासी सुभाष फौजी, बलराज और सोनू आदि ने बताया कि उनके गांव के इस बस स्टॉप से गांव गोलपुरा, बहबलपुर सहित कई गांवों के ग्रामीण और शिक्षा संस्थानों में पढ़ने जाने वाले विद्यार्थी बस सुविधा लेते हैं, लेकिन बस स्टॉप पर संबंधित विभाग की ओर से बनाए गए क्यू शेल्टर की खस्ता हालत के कारण ग्रामीणों को गर्मी-सर्दी और बारिश के मौसम में खुले आसमान के नीचे खड़े होकर बसों का इंतजार करना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि वे कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों से खस्ता हालत में पड़े क्यू शेल्टर की मरम्मत करवाए जाने की मांग कर चुके हैं लेकिन विभाग की ओर से उनकी इस समस्या की ओर आज तक कोई ध्यान नहीं दिया गया जिससे ग्रामीणों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर काफी रोष है।