चंडीगढ़। पंजाब सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन की रविवार को एक बैठक हुई। इसमें फैसला लिया गया कि एसोसिएशन की तरफ से 9 सितंबर को पूरे प्रदेश में मांगों को लेकर हड़ताल की जाएगी। एसोसिएशन ने प्रदेश में डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए उचित बंदोबस्त न होने को लेकर चिंता जताई है। साथ ही सरकार से मांग की है कि उनके एरियर का जल्द भुगतान किया जाना चाहिए, क्योंकि पिछले काफी समय से वह इसके लिए संघर्ष कर रहे हैं। एसोसिएशन के प्रधान अखिल सरीन ने कहा कि उन्होंने 28 अगस्त को एसोसिएशन की जनरल बॉडी की बैठक बुलाई है। इस बैठक के बाद ही 9 सितंबर को वह अपने प्रदर्शन को लेकर डिटेल प्रोग्राम जारी करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री की तरफ से भरोसा तो दिया जा रहा है कि इस माह के अंत तक 24 घंटे अस्पतालों में डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे। हालांकि जब तक ग्राउंड स्तर पर सुरक्षा इंतजाम को लागू नहीं किया जाता, तब तक वह अपना संघर्ष जारी रखेंगे। 27 अगस्त को उनकी स्वास्थ्य सचिव के साथ भी एक बैठक होने जा रही है, जिसमें वह उनके सामने अपनी सभी मांगें रखेंगे।