बरवाला। उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा के तत्वाधान व राजकीय महाविद्यालय बरवाला द्वारा आयोजित चतुर्थ अंतर विभागीय राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ खेल मैदान में खेले गए लीग मुकाबले में पब्लिक हेल्थ विभाग की टीम ने टेक्निकल इलेवन की टीम को 78 रनों से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पब्लिक हेल्थ विभाग की टीम ने 20 ओवर में 174 रन बनाए। मनोज भांभू ने 46, नरेंद्र सिंह मील ने 36 और धीरज भाटिया ने 30 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए टेक्निकल इलेवन की टीम 16.2 ओवर में 96 रन पर सिमिट गई। गेंदबाजी में अमित गोयत ने चार विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राजकीय महाविद्यालय बरवाला में कार्यरत सहायक प्रोफेसर अरमान द्वारा उन्हें मैन ऑफ द मैच किताब से सम्मानित किया गया। इसी क्रम में खेले गए एक अन्य लीग मुकाबले में पीडब्ल्यूडी विभाग व ऊर्जा विभाग की टीम के बीच में रोमांचक मैच खेला गया। टॉस जीत कर पीडब्ल्यूडी विभाग की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 111 रन बनाए। इसमें प्रिंस ने 32 और कमल ने 28 रन का उल्लेखनीय योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऊर्जा विभाग ने 14.5 ओवर में 115 रन बनाकर 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। छत्रपाल नैन ने 46 रनों की प्रभावशाली पारी खेली। इस मुकाबले में उत्कृष्ट गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए संदीप को मैन ऑफ द मैच के किताब से सम्मानित किया गया। संदीप ने 4 ओवर में मात्र 18 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किये और टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।