कनाडा में छिपे गैंगस्टर लखबीर सिंह उर्फ लंडा के इशारे पर अमृतसर में सब-इंस्पेक्टर की कार के नीचे आईईडी लगाने वाले अपराधियों के लिए मोटरसाइकिल का प्रबंध करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतनाम सिंह उर्फ हनी निवासी पट्टी जिला तरनतारन के तौर पर हुई है। इस मामले में यह नौवीं गिरफ्तारी है।
हनी लंडा के सीधे संपर्क में था और उसके बताए कामों को पूरा कर रहा था। इस मामले के मुख्य आरोपी युवराज सबरवाल उर्फ यश, जिसने तरनतारन के गांव पट्टी के दीपक (गिरफ्तार) के साथ मिलकर गत 16 अगस्त को अमृतसर के सी-ब्लॉक रणजीत एवेन्यू क्षेत्र में सब-इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह के आवास के बाहर पार्क की गई एसयूवी बोलेरो के नीचे आईईडी लगाई था, की गिरफ्तारी से एक दिन बाद शनिवार को हनी को पकड़ा गया है।
सतनाम हनी के लखबीर लंडा की तरफ से दिए गए वीजा पर दुबई भागने की कोशिश करने की खुफिया सूचना के बाद स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) एसएएस नगर की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सतनाम हनी के खिलाफ आईपीसी, एनडीपीएस और सशस्त्र एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस थाना एसएसओसी मोहाली में एफआईआर दर्ज की गई है।
लंडा का करीबी है सतनाम हनी : डीजीपी
डीजीपी ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सतनाम हनी 2015 में तरनतारन में अपने दोस्त मलकीत सिंह उर्फ लड्डू निवासी पट्टी के विवाह में लखबीर लंडा के संपर्क में आया था। साल 2021 के दौरान एक स्थानीय अनाज मंडी में फसल की ढुलाई करने वाला हनी और मलकीत लड्डू, जो उस समय ट्रक यूनियन पट्टी का प्रधान था, के साथ घनिष्ठ रूप से जुड़ गया। सतनाम हनी का नाम एक दोहरे कत्ल केस में भी सामने आया था, जिसमें मई 2021 में पट्टी बाबा बल्लू शाह की दरगाह पर लखबीर लंडा के इशारे पर गैंगस्टर प्रीत सेखों की तरफ से अमनदीप सिंह उर्फ फौजी और प्रभदीप सिंह उर्फ पूर्ण का कत्ल किया गया था। इस मामले में मलकीत लड्डू, सुमेर सिंह उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि सतनाम हनी और गौरवदीप सिंह उर्फ गोरी को मलकीत लड्डू से नजदीकी के कारण नामजद किया गया था।
डीजीपी ने बताया कि सतनाम हनी लखबीर लंडा के साथी के तौर पर काम करता था और उसके निर्देशों पर हनी लंडा के आतंकवादी हार्डवेयर की खेपों को संभालता था। इस काम के लिए हनी को कम से कम छह मौकों पर मोटी रकम दी गई थी। लंडा ने उससे वादा किया था कि वह, उसे दुबई के रास्ते कनाडा पहुंचा देगा। जांच से पता लगा है कि सतनाम हनी ने अब तक लखबीर लंडा के इशारे पर अलग-अलग मौकों पर और अलग-अलग कार्रवाई के लिए लगभग 4 लाख रुपये की रकम, एक आईईडी, 2 पिस्तौल और 20 कारतूस प्राप्त किए हैं।