पंचकूला। सेक्टर-1 लघु सचिवालय के सभागार में लोकसभा आम चुनाव को लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ चुनाव आयोग द्वारा जारी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील सारवान ने की। इस दौरान सुशील सारवान ने चुनाव के दौरान जिले में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने, शराब की अवैध सप्लाई रोकने और क्लबों में अवैध रूप से संचालित हुक्का बारों की रोकथाम के लिए दिशा निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि अवैध शराब की सप्लाई को रोकने के लिए पुलिस ने जिले की सीमा की बैरिकेडिंग कर नियमित रूप से वाहनों की चेकिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सुनिश्चित करे कि जिला में किसी भी प्रकार की अवैध शराब की सप्लाई ना हो। इसके अलावा क्लबों में अवैध रूप से संचालित हुक्का बारों की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा अलग-अलग टीमों का गठन किया जाए, ताकि हुक्का बारों की नियमित चेकिंग की जा सके। इस बैठक में पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक और क्राइम मुकेश कुमार, सीपी क्राइम अरविंद कंबोज, नायब तहसीलदार हरदेव और सभी क्राइम यूनिटों के इंचार्ज उपस्थित रहे।