पंचकूला। उपायुक्त यश गर्ग ने निर्देश दिए कि जिला में दर्ज संगीन अपराधों की जांच में तेजी लाई जाए और मामलों की गहनता और निष्पक्षता से जांच कर कानून के दायरे में अपराधियों को सजा दिलवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सके। वह डीसी कार्यालय में आयोजित चिह्नित अपराधों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में कुल 80 आपराधिक मामलों पर चर्चा की गई, जिसमें महिलाओं के खिलाफ अपराध, पासपोर्ट एक्ट, पॉक्सो एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और हरियाणा लोक सेवा आयोग की परीक्षा से संबंधित हैं। उपायुक्त ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि चिह्नित अपराध में कोर्ट में जाने से पहले अच्छी तरह जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाए और कार्रवाई के बारे में उन्हें अवगत करवाया जाए। जिन संगीन आपराधिक मामलों में आरोप तय हो चुके हैं, ऐसे मामलों में न्यायालय के माध्यम से अपराधियों को कानून के अनुसार सजा दिलवाना सुनिश्चित किया जाए। एएसपी मनप्रीत सूदन ने उपायुक्त को विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामलों में की गई कार्रवाई की प्रगति के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने उपायुक्त को आश्वासन दिलाया कि आपराधिक मामलों की जांच प्रक्रिया में और तेजी लाते हुए न्यायालय के माध्यम से अपराधियों को कानून के अनुसार सजा दिलवाना सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर जिला न्यायवादी पंकज गर्ग सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।