चंडीगढ़। हिसार में स्थापित किए जा रहे महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से अगले साल 2023 से नियमित विमान-सेवा शुरू करने की योजना है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खुद इस प्रोजेक्ट को लेकर लगातार समीक्षा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यहां विकसित किए जा रहे ‘इंटीग्रेटिड एविएशन हब’ से संबंधित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विमान-सेवा के लिए हिसार से विभिन्न रूट्स तय करने के लिए कहा है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को यहां एविएशन हब से संबंधित कार्यों को लेकर अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भी उपस्थित थे।
इन कामों में तेजी लाने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रोजेक्ट है और इससे प्रदेश में विकास को गति मिलेगी। उन्होंने निर्देश दिए कि इस प्रोजेक्ट को विकसित करने में देरी न की जाए और इसके लिए धन को जारी करने में ढिलाई नहीं बरतें। एयरपोर्ट की बाऊंड्री के निर्माण कार्य व लाइट्स लगाने के काम में तेजी लाने के निर्देश देते हुए उन्होंने नई दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट हिसार तक रेल कनेक्टिविटी के लिए रूट को जल्द से जल्द फाइनल किया जाए। एयरपोर्ट के लिए जलापूर्ति, ड्रेनेज सिस्टम और रॉ-वाटर के स्टोरेज के लिए किए जा रहे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
अब तक पूरे हो चुके कामों की दी जानकारी
बैठक में मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई कि पर्यावरण एवं वन विभाग द्वारा ‘इंटीग्रेटिड एविएशन हब’ के दूसरे चरण के विकास कार्यों के लिए 23 नवंबर 2020 को क्लीयरेंस मिलने के बाद एयरक्रॉफ्ट पार्किंग के लिए 3 बड़े हैंगर का निर्माण 18 अगस्त 2021 को पूरा हो चुका है। इसके अलावा, निर्माण-स्थल से पुरानी बिल्डिंग्स को तोड़ दिया गया है और वाटर-चैनलस को शिफ्ट कर दिया गया है। करीब 7,115 एकड़ जमीन का म्यूटेशन भी नागरिक उड्डयन विभाग के नाम हो चुका है। इसी प्रकार, रन-वे, पीटीटी, टैक्सी-वे, एप्रोन आदि का 80 प्रतिशत और 33 केवी सब-स्टेशन का निर्माण का काम 70 प्रतिशत तक पूरा कर लिया है।
बैठक में यह रहे मौजूद
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख प्रधान सचिव डीएस ढेसी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी उमाशंकर, बिजली विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके दास, वित्त एवं योजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद, नागरिक उड्डयन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी उपस्थित थे।