रायपुररानी। क्षेत्र के गांव मानकटबरा में स्थित एल्पाइन पोल्ट्री फार्म में मुंशी के पद पर कार्यरत युवक की बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 33 वर्षीय विनोद कुमार उर्फ गोल्डी करीब 15 वर्षों से पोल्ट्री फार्म में कार्यरत था। हर रोज शाम को घर पहुंच जाता था लेकिन बुधवार रात घर नही पहुंचा। परिजनों के अनुसार शाम करीब छह बजे उसकी पत्नी से रसोई गैस सिलिंडर लेकर आने के बारे में बात भी हुई थी लेकिन बहुत देर तक न आने पर फोन भी स्विच आफ मिला। परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि आत्महत्या करने का कोई सवाल ही नहीं है। विनोद की हत्या कर पेड़ से लटकाया गया है, जिसकी गहनता से जांच होनी चाहिए। रायपुररानी थाना एएसआई रामभज ने बताया कि पुलिस को वीरवार सुबह करीब सात बजे पोल्ट्री फार्म के मुंशी की पेड़ पर फांसी लेने की सूचना मिली थी जिसके बाद मौके पर पहुंच शव को उतारने के साथ ही घटनास्थल का मुआयना करने के बाद सीन आफ क्राइम की टीम भी बुलाई गई। पुलिस ने बताया कि पंचकूला स्थित सेक्टर-6 अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।