संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। डायल 112 पर अवैध माइनिंग की झूठी जानकारी देकर पुलिस टीम को बुलाने के बाद अभद्रता करने, पथराव कर घायल करने और सब इंस्पेक्टर की वर्दी फाड़ने का मामला सामने आया है। जान से मारने की नीयत से पिस्टल निकालने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने शिकायतकर्ता मेन पाल उपनिरीक्षक इंचार्ज ईआरवी की शिकायत पर सोनू गांव नोल्टा, पंडित गांव खड़कुआ समेत एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता उपनिरीक्षक मेन पाल इंचार्ज ईआरवी ने बताया कि 9 मार्च की रात सोनू ने डायल 112 पर फोन कर बताया कि चंडीकोटला के नजदीक जगतारपुर में अवैध माइनिंग हो रही है। सूचना मिलने पर वह अपनी टीम सहित चंडी मंदिर लाइट प्वाइंट पर पहुंचे। वहां कॉल करने वाला सोनू कार में ठेके के समीप शराब पी रहा था। उपनिरीक्षक ने बताया कि वहां पहुंचने पर आरोपी उनके साथ अभद्रता करने लगा। गालियां देकर कहने लगा कि क्रशर जोन के पास जाकर देखो वहां अवैध माइनिंग चल रही है। उपनिरीक्षक ने बताया कि क्रशर जोन की तरफ जाते समय उसने पीसीआर को फोन कर पुलिया बुर्ज कोटियां के पास बुलाया। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वे आपस में बातचीत कर रहे थे, तो उसी वक्त सोनू अपने दो साथियों को लेकर वहां पहुंच गया। पुलिस पर अवैध माइनिंग करवाने का झूठा आरोप लगाकर उनको नदी में ले गया। उपनिरीक्षक ने बताया कि वहां किसी भी प्रकार की माइनिंग नहीं हो रही थी। इसके बाद तीनों ने उसकी टीम पर पथराव शुरू कर दिया और उसकी वर्दी फाड़ दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि बचने की कोशिश में एक पत्थर उसकी आंख में जा लगा। उनमें से एक आरोपी ने कार से पिस्टल निकाल कर जान से मारने की धमकी दी।
जैसे ही पंडित नाम का आरोपी कार की तरफ गया तो उसने सहायता के लिए पुलिस को फोन किया। मौके पर अतिरिक्त पुलिस आने की संभावना को देखते हुए तीनों आरोपी पथराव करते हुए मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि पथराव में टीम के अन्य सदस्यों सहित उनकी ईआरवी वाहन को नुकसान पहुंचा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि पूछने पर आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपी सोनू गांव नोल्टा का है जबकि आरोपी पंडित गांव खड़कुआ का है। पुलिस ने उपनिरीक्षक की शिकायत पर आरोपी सोनू नोल्टा, पंडित खड़कुआ के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने सोनू नोल्टा, पंडित सहित एक अन्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - सोमवीर सिंह, निरीक्षक, थाना प्रभारी, पिंजौर