पंचकूला। अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पंचकूला पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देशों पर चल रहे अभियान के तहत पुलिस टीमें अब तक 842 वरिष्ठ नागरिकों से संपर्क कर उनका हालचाल जान चुकी हैं। साथ ही उनकी सुरक्षा व्यवस्था और व्यक्तिगत जरूरतों की जानकारी भी ली जा रही है। डीसीपी अदिति सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमें बुजुर्गों को ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट के नाम पर दी जाने वाली फर्जी धमकियों से बचाव के तरीके बता रही हैं। उन्हें अनजान कॉल से सतर्क रहने, संदिग्ध लिंक नहीं खोलने और बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी जा रही है। घरेलू सहायकों, ड्राइवरों और रसोइयों का पुलिस सत्यापन कराने के साथ घरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। आपात स्थिति में सहायता के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9115777026 जारी किया है। बुजुर्ग संबंधित थाना और चौकी प्रभारियों से भी सीधे संपर्क कर सकते हैं।