7,885 रुपये नकद और सट्टे की पर्चियां बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी,
पंचकूला। जिले में जुआ और सट्टेबाजी के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पंचकूला पुलिस ने चार अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 7,885 रुपये की नकदी और सट्टेबाजी में इस्तेमाल होने वाली पर्चियां बरामद की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ हरियाणा जुआ निवारण अधिनियम, 2025 के तहत संबंधित थानों में मामले दर्ज किए गए हैं।पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई कालका के रामबाग रोड पर पुल के पास की गई। एंटी नारकोटिक्स सेल को सट्टेबाजी की सूचना मिली थी। टीम ने एक पुलिसकर्मी को फर्जी ग्राहक बनाकर मौके पर भेजा और पिंजौर निवासी अजय कोहली को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 1,050 रुपये और सट्टे की पर्ची मिली। दूसरी कार्रवाई सेक्टर-26 सब्जी मंडी के सामने सरकारी ट्यूबवेल के पास हुई। क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने सेक्टर-17 निवासी 19 वर्षीय प्रिंस को सट्टा लगवाने के आरोप में गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1,850 रुपये और पर्ची बरामद हुई। तीसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच-3 ने सेक्टर-26 निवासी विशाल (24) और रवि कुमार (21) को गिरफ्तार किया। आरोप है कि दोनों अंकों और चित्रों के आधार पर लोगों को दांव लगवाते थे। पुलिस ने उनके पास से 3,190 रुपये और सट्टे की पर्चियां बरामद कीं। चौथी कार्रवाई बैलाविस्टा चौक के पीछे खाली जगह पर की गई। एंटी नारकोटिक्स सेल ने सेक्टर-16 निवासी राहुल शर्मा को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1,795 रुपये और सट्टे की पर्ची मिली। पुलिस के अनुसार चारों कार्रवाइयों में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।