संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पुलिस ने जिले में अलग-अलग जगह पर लोगों को महिला विरुद्ध और साइबर संबंधी अपराधों को लेकर जागरूक किया। इस अभियान के तहत पुलिस ने मार्केट, काॅलोनी और अस्पताल में पहुंचकर लोगों को अपराधों के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि साइबर संबंधी किसी भी प्रकार की सहायता के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर-1930 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा उन्होंने बताया कि महिला की सहायता के लिए थाना स्तर पर महिला हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। महिला हेल्प लाइन नंबर 1091 पर भी संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा डायल 112 पर महिला किसी भी प्रकार की समस्या के लिए कॉल कर सकती है। महिला थाना से भी महिलाएं सहायता ले सकती हैं। पुलिस स्टेशन रायपुररानी से सब इंस्पेक्टर विजय कुमार ने ग्रामीण इलाकों में जाकर साइबर अपराधों से बचने के लिए लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में ना आएं, किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी साझा न करें।