पंचकूला। घने कोहरे के कारण पुलिस ने आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात एडवाइजरी जारी की है। एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह ने वाहन चालकों से कोहरे के दौरान अधिक सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोहरे की वजह से विजिबिलिटी बेहद कम हो जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। एसीपी ने सलाह दी कि ओवरस्पीडिंग, ओवरटेकिंग और अचानक लेन बदलने से बचें। वाहन चलाते समय लो-बीम लाइट या फॉग लैंप का उपयोग करें। इसके अलावा आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। साथ ही कोहरे में सड़क पर वाहन खड़ा करने से बचें, यदि पार्किंग जरूरी हो तो हैजार्ड लाइट और डीपर का प्रयोग करें।