पंचकूला। हरियाणा एसटीएफ ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के गैंगस्टरों की ओर से पंचकूला में चोरी हुई लग्जरी गाड़ियां बरामद की थी। सेक्टर-26 पुलिस क्राइम ब्रांच की ओर से सोमवार को अदालत में पंचकूला में हुई चोरी से जुड़े तीन आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारियां कर रही है। पुलिस की ओर से दो से तीन दिन के भीतर तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करके उन्हें रिमांड पर लिया जाएगा और जिले में गाड़ियों की हुई चोरी की वारदात को लेकर पूछताछ करेगी।
आरोपियों की पहचान अमित, मनोज और संजय के रूप में हुई है।
इनमें अमित पिंजौर का रहने वाला है, मनोज दिल्ली और संजय जीरकपुर का रहने वाला है। बाहदुरगढ़ के एसटीएफ के इंस्पेक्टर विवेक मलिक ने बताया कि एसटीएफ नें लग्जरी गाड़ियों की चोरी करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप के गुर्गे हैं, इनमें से तीन आरोपी पंचकूला में हुई 5 लग्जरी गाड़ियों की चोरी के आरोपी हैं।
क्राइम ब्रांच की टीम तीन दिन पहले आई थी और सारा रिकॉर्ड लेकर गई। सेक्टर 26 पुलिस क्राइम ब्रांच इंचार्ज सिंघराज ने बताया कि सोमवार को वह तीन आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाने के लिए अदालत में अपील लगाएंगे। अदालत से परमिशन मिलते ही आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर अदालत में पेश किया जाएगा और रिमांड मांगा जाएगा ताकि आरोपियों से पूछताछ कर अहम जानकारियां पता की जा सके।