संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। हरियाणा पीडब्ल्यूडी कर्मचारी संघ की जिला यूनियन कमेटी की बैठक जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ मनदीप के साथ जिला प्रधान सतीश शर्मा रत्तेवाली की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कर्मचारी गुरनाम सिंह के साथ धमाला जलघर पर और हरनेक सिंह व बलबीर के साथ चरणीयां में ड्यूटी के दौरान कुछ लोगो द्वारा बदसलूकी की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दोनों मामलों में पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की है।
प्रधान सतीश शर्मा ने बताया कि इस दौरान एसडीओ ने मौके पर ही फोन के माध्यम से पिंजौर पुलिस से उक्त संबंध में बातचीत की। यूनियन ने मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर कहा कि जब कर्मचारी सुरक्षित होगा तभी वह भयमुक्त होकर दिन-रात अपनी सेवाएं दे पाएगा। यूनियन के पदाधिकारियों ने चेताया कि यदि अगले पांच दिनों के अंदर पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो यूनियन के आला पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मजबूरन प्रदर्शन करेंगे। यूनियन के पदाधिकारियों ने एसडीओ के समक्ष लंबित मांगों को रखा। बैठक में दीपराम शर्मा, रणबीर सिंह, जसपाल सिंह, रंघाराम, जसबीर सिंह, कश्मीरा सिंह, गुरनाम सिंह, राजकुमार सहित जेई विनय शर्मा, संतोष यादव मौजूद रहे।