संवाद न्यूज एजेंसी
पचंकूला। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को शहर में पुलिस और सीआरपीएफ जवानों ने फ्लैग मार्च किया। सुबह के समय फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस चुनाव आचार संहिता सहित चुनाव से जुडे अन्य मामलों को लेकर लोगों को जागरूक किया। डीसीपी मुकेश मल्होत्रा ने बताया कि पंचकूला से लगते बॉर्डर नाकों पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है। हर प्रकार की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर पंचकूला शहर से लगे दो जगह पर सीआरपीएफ के जवानों के साथ मिलकर ज्वाइंट नाके लगाए गए हैं।
एक नाका मनसा देवी सिंह द्वार और दूसरा नाका हाउसिंग बोर्ड से पंचकूला में प्रवेश करने वालों पर लगाया गया। इसके अलावा अंतरराज्यीय स्तर पर 9 बार्डर नाकों पर पुलिस की कड़ी निगरानी जारी है। डीसीपी के नेतृत्व में शहर में अलग अलग स्थानों पर कोबिंग गस्त, फ्लैग मार्च निकाला गया।
शुक्रवार को एसीपी रमेश गुलिया ने सीआरपीएफ के साथ राजीव कॉलोनी सेक्टर-17, बुढनपुर, मनसा देवी और खड़क मंगोली व अन्य स्थान में थाना व पुलिस चौकी प्रभारियों के साथ मिलकर फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस राईडर, पीसीआर मौजूद रही। इसके अलावा पुलिस चौकी सेक्टर-1 के इंचार्ज गुलाब सिंह ने खड़क मंगोली सेक्टर-1 क्षेत्र काॅलोनी की पड़ताल की।