पंचकूला। सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल के समीप ट्रैफिक लाइट पर शनिवार शाम आम से भरी एक पिकअप पलट गई। हादसे में राहत की बात यह रही कि कोई भी व्यक्ति गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। हालांकि दुर्घटना में ट्रैफिक लाइट का खंभा टूट गया और पिकअप भी क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार पिकअप माजरी चौक की ओर से सेक्टर-8 की तरफ आ रही थी। इसी दौरान अचानक सामने आए एक स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बाद में क्रेन की मदद से पलटी हुई पिकअप को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।