पंचकूला। सेक्टर-5 के बेला विस्टा में शॉपिंग करने आए लोग लिफ्ट में फंस गए और करीब 45 मिनट तक फंसे रहे। 45 मिनट के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने लोगों की शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक सुनील राणा परिवार के साथ बेला विस्टा मॉल में घूमने आए थे। जैसे ही वह शॉपिंग कर परिवार के साथ रात 8 बजे लिफ्ट में करीब 10 लोग जाने लगे तो लिफ्ट का दरवाजा बंद होने के बाद लिफ्ट बीच रास्ते में फंस गई। यहां 45 मिनट तक फंसी लिफ्ट में लोगों के साथ बच्चे भी मौजूद थे और सभी घबरा गए। लिफ्ट के बंद होने का बटन बार-बार लोग दबाते रहे। इसके बाद लिफ्ट में फंसे सुनील राणा ने डायल 112 पर फोन किया और मौके पर पुलिस पहुंची। इसके बाद किसी तरह लिफ्ट चालू करके लोगों को निकाला। विनोद, प्रिंस, शानवी सहित अन्य लोगों की शिकायत पर सेक्टर-5 थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि मॉल की लिफ्ट कैसे फंस गई थी इसकी जांच की जा रही है।