संवाद न्यूज एजेंसी
मोरनी। सम्राट मिहिर भोज के नाम के साथ गुर्जर लिखने और कैथल में समाज के लोगों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में राजपूतों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। मोरनी में राजपूत समाज के लोगों ने किला घाट से मोरनी बाजार तक रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान भारी संख्या में राजपूत समाज के युवाओं ने प्रदर्शन में भाग लिया। समाज के लोगों ने हरियाणा सरकार, शिक्षा एवं वन मंत्री कंवरपाल गुर्जर और संबंधित समुदाय के खिलाफ नारे लगाए। नाराज लोगों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री, शिक्षा एवं वन मंत्री, कैथल विधायक का भी पुतला फूंका।
राजपूत समाज के लोगों ने कहा कि सरकार का तानाशाही रवैया सहन नहीं करेंगे। कैथल में साजिश के तहत मिहिर भोज के साथ गुर्जर शब्द भी जोड़ दिया गया। सम्राट मिहिर भोज क्षत्रिय समाज से संबंध रखते हैं। महापुरुषों की प्रतिमा की स्थापना करने का अधिकार सभी को है, लेकिन इतिहास और सही तथ्यों से छेड़खानी करना गलत है। राजपूत समाज के लोगों ने कैथल में हुए लाठीचार्ज और मुकदमों को तुरंत प्रभाव से वापस लेने की मांग की है।
इस प्रदर्शन में समाज से जुड़े सभी सरपंच, पंच और जिला परिषद सदस्य, ब्लॉक समिति सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर बलवंत राणा, चत्तर सिंह पहलवान, दविंदर सिंह चकोह, गोपाल चाडियाना, ज्वाला सिंह, वीरेंदर सिंह, बलदेव गवाही, फूल सिंह, महेंद्र राणा, सुरेश पाल, सरपंच राजेन्द्र सिंह, मनदीप सिंह, गगन, कपिल, रमेश, नवीन, देवेंद्र, रघु सिंह, परवीन राणा आदि भारी संख्या में राजपूत समाज के लोग मौजूद रहे।