पंचकूला। सेक्टर-5 बस स्टैंड पर पार्किंग व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतरी हुई है। अमर उजाला की पड़ताल में सामने आया कि रोजाना बस से जाने वाले सैकड़ों कर्मचारी घर से बाइक व कार लेकर बस स्टैंड पहुंचते हैं, लेकिन सुरक्षित पार्किंग न होने से उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शाहा, सहजादपुर, बद्दी, पिंजौर, कालका, नारायणगढ़, सुरजपुर और इंडस्ट्रियल एरिया अलीपुर जाने वाले सैकड़ों कर्मचारियों का यहां हर रोज आना-जाना लगा रहता है लेकिन यहां सुरक्षित पार्किंग की सुविधा न होने से उन्हें भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उनका कहना है कि सुबह-शाम बसों के पीक टाइम में हालात और बिगड़ जाते हैं। जगह न मिलने पर लोग सड़क किनारे या दुकानों के आगे दोपहिया वाहन खड़ा कर बस पकड़ते हैं। इससे न सिर्फ जाम की स्थिति बनती है, बल्कि चोरी और चालान का खतरा भी बना रहता है। यात्रियों का कहना है कि अगर व्यवस्थित और सुरक्षित पार्किंग बना दी जाए तो हजारों लोगों को राहत मिल सकती है। फिलहाल हालात ऐसे हैं कि रोजमर्रा की भागदौड़ के बीच पार्किंग संकट ने यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। अब सबकी निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं।
हर दिन डर बना रहता है कि लौटकर आएंगे तो एक्टिवा मिलेगी या नहीं। कई बार गलत जगह खड़ी करने पर चालान का भी खतरा रहता है।- रीना देवी, यात्री
बस पकड़ने से ज्यादा समय पार्किंग ढूंढने में लग जाता है। रोज 15-20 मिनट यूं ही बर्बाद हो जाते हैं।- संजय, यात्री
कई बार विभाग शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई स्थायी हल नहीं निकला। सिर्फ आश्वासन मिलते हैं।- सचिन कुमार
अगर व्यवस्थित पार्किंग बन जाए तो हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।- लाडी सैनी