पंचकूला। नगर निगम पंचकूला की वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में निगम आयुक्त आरके सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस बैठक में पंचकूला से कंक्रीट एवं डेमोलिस्ट वेस्ट उठाने के लिए सवा 2 करोड़ रुपये के टेंडर लगाने के लिए स्वीकृति प्रदान की गई। एजेंसी द्वारा पूरे शहर से कंक्रीट एवं डेमोलिस्ट वेस्ट को उठाकर उसे रियूज करने का काम किया जाएगा। सलेक्ट एजेंसी को नगर निगम एरिया में सीएंडडी वेस्ट की कलेक्शन, ट्रांसपोर्टेशन, प्रोसेसिंग एंड रिसाइक्लिंग का काम संभालना होगा। इसके अतिरिक्त 1.20 करोड़ सेक्टर-26 की सड़कों की रिकारपेटिंग करवाने को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इस बैठक में कुछ अन्य टेंडर भी रखे थे, लेकिन आयुक्त आरके सिंह ने इन टेंडरों की विस्तृत जानकारी लाने को कहा और अगली बैठक बुधवार को रखी गई है। इस अवसर पर डीएमसी अपूर्व चौधरी, पार्षद सुनीत सिंगला एवं गुरमेल कौर भी उपस्थित रहे।