पंचकूला। हरियाणा के खिलाड़ियों और एथलीटों के लिए बुनियादी आधारभूत संरचना को और मजबूती प्रदान करते हुए खेल विभाग धीरे-धीरे पैमाने और संचालन का विस्तार कर रहा है। इसके मद्देनजर पंचकूला का ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स (टीडीएलएससी) अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया गया है। पूरे प्रदेश में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में पंचकूला स्पोर्ट्स कांप्लेक्स अव्वल है। वर्तमान में खेल से जुड़ीं सभी अत्याधुनिक सुविधाएं यहां खिलाड़ियों को मिल रही हैं। क्योंकि पूरे स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का एक तरह से नए सिरे से कायाकल्प किया गया है। वहीं, इसमें चार नई खेल सुविधाओं से जुड़ी संरचना में भी इजाफा हुआ है, जिसे करीब 34 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। वहीं, इन आधारभूत संरचना में चार चांद लगाने के लिए लाइटिंग पर 50 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
आठ लेन का बनेगा सिंथेटिक ट्रैक
शहर के सेक्टर-3 के टीडीएलएससी में एथलेटिक्स खेल से जुड़े खिलाड़ियों के लिए आठ लेन का 400 मीटर का सिंथेटिक ट्रैक तैयार किया गया है। इस पर करीब 8 करोड़ 47 लाख 22 हजार 143 रुपये खर्च आया है। साथ में खिलाड़ियों के वार्मअप के लिए 100 मीटर का एक अलग से सिंथेटिक ट्रैक बनाया गया है, इस पर खिलाड़ी खेल का अभ्यास शुरू करने से पहले वार्मअप होते हैं। यह ट्रैक ब्लू रंग का है। बता दें कि इस ट्रैक पर प्रैक्टिस के लिए रोजाना आने वाले खिलाड़ियों की संख्या 250 से ज्यादा है।
हॉकी एस्ट्रोटर्फ ग्राउंड मिला, अब खिलाड़ी भरेंगे नई उड़ान
अभी तक पंचकूला में हॉकी के खिलाड़ियों के लिए बेहतर आधारभूत संरचना नहीं थी। इस कारण वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे, लेकिन ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में हॉकी एस्ट्रोटर्फ ग्राउंड के निर्माण के बाद खिलाड़ियों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर मिला है। यह ग्राउंड करीब 6 करोड़ 71 लाख 88 हजार 234 रुपये में तैयार किया जा रहा है। हॉकी कोच मीना ने बताया कि पंचकूला में हॉकी के करीब 40 खिलाड़ी हैं, वह तीन साल से खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दे रही हैं, पहले ग्राउंड नहीं होने की वजह से उन्हें पंचकूला सेक्टर-7 में तैयारी करवानी पड़ती थी, लेकिन हरियाणा विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता के प्रयास के बाद हॉकी के खिलाड़ियों को एक नया अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल ग्राउंड मिला है। आजकल एस्ट्रोटर्फ का जमाना है, यहां से खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेलों के लिए तैयार किए जाएंगे।
बास्केटबॉल और वालीबॉल के इंडोर ग्राउंड तैयार
अब स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में बास्केटबॉल और वालीबॉल के अभ्यास के लिए आने वाले खिलाड़ियों को धूप और बारिश के चलते परेशान नहीं होना पड़ता है। क्योंकि यहां दो-दो कोट के अलग-अलग इंडोर हॉल तैयार किए गए हैैं। इन इंडोर हॉल में दो सिंथेटिक ट्रैक भी तैयार किए गए हैं। इन दोनों प्रोजेक्टों पर करीब 18 करोड़ 20 लाख 22 हजार 400 रुपये खर्च आया है। वहीं खिलाड़ियों को बेहतर आधारभूत संरचना मुहैया करवाने के लिए खेल विभाग ने 40 बाई 80 का फुटबॉल ग्राउंड भी तैयार करवाया है, ताकि हर खेल में पंचकूला को हरियाणा में नंबर वन बनाया जा सके।
कोट
शहर के सेक्टर-3 ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं से लैस किया गया है। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार किया जा रहा है। जिससे वह देश का नाम रोशन कर सकें। -सुधा भसीम, जिला खेल अधिकारी पंचकूला।