पंचकूला। पंचकूला गोल्फ लीग में जैसे-जैसे मुकाबले आगे बढ़ रहे हैं, ग्रुप-ए की अंक तालिका में मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है। तीन-तीन मैच खेल चुकी सभी टीमों के बीच अंक अंतर बेहद कम है, जिससे क्वालिफिकेशन की दौड़ रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। लीडरबोर्ड के अनुसार शिवालिक स्विंगर्स ने शानदार निरंतर प्रदर्शन करते हुए 1032 कुल अंकों के साथ ग्रुप-ए में पहला स्थान हासिल किया है। टीम ने 970 गेम प्वाइंट्स और 62 बोनस प्वाइंट्स अर्जित किए हैं। एडीएस फाल्कन्स 1031 अंकों के साथ बेहद मामूली अंतर से दूसरे स्थान पर बनी हुई है। टीम ने 981 गेम प्वाइंट्स और 50 बोनस प्वाइंट्स हासिल किए हैं। वहीं क्लब्स ऑन फ्लेम्स ने 1018 अंकों के साथ तीसरा स्थान बनाए रखा है। तालिका में टी टाइटंस 1007 अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं, जबकि जीबी लीजेंड्स 983 अंकों के साथ पांचवें पायदान पर मौजूद हैं। स्नीकइन गोल्फर्स 958 अंकों के साथ छठे स्थान पर बनी हुई है।