माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-5 बस स्टैंड से शुक्रवार को पांच इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो गया है। इंटर सेक्टर बसों की सुविधा सात दिन तक मुफ्त दी जाएगी। इसमें शहर के नागरिकों को सिटी बस सर्विस किफायती दरों पर उपलब्ध होगी। सीएम मनोहर लाल ने सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पंचकूला और करनाल में सिटी बस सर्विस का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की सिटी बस सर्विस देशभर में अपने आप में एक अनूठी पहल है।
हरियाणा सिटी बस सर्विस लिमिटेड के माध्यम से प्रदेश के बड़े शहरों फरीदाबाद, गुरुग्राम व मानेसर के साथ-साथ पानीपत और जगाधरी में यह बस सेवा पहले ही आरंभ हो चुकी है। अब जल्द ही इस सेवा का विस्तार कर इसे रोहतक, हिसार, अंबाला, सोनीपत व रेवाड़ी में शुरू किया जाएगा। इन 12 शहरों के लिए 375 इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सिटी बस सर्विस की शुरूआत होने से नागरिक सस्ती दरों पर एसी बसों में सफर कर सकेंगे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष, मेयर कुलभूषण गोयल और अन्य गणमान्य व्यक्ति बस स्टैंड सेक्टर -5 इलेक्ट्रिक बस के माध्यम से शिव मंदिर सेक्टर-9 पहुंचे और भगवान शिव के दर्शन किए।
वर्तमान में अधिकतम 30 रुपये में यात्री कर सकेंगे सफर
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि इन बसों में यात्री रियायती दरों पर सफर कर सकेंगे। 1 से 5 किलोमीटर के लिए 10 रुपये, 5 से 8 किलोमीटर के लिए 15 रुपये, 8 से 11 किलोमीटर के लिए 20 रुपये, 11 से 14 किलोमीटर के लिए 25 रुपये और 14 से 17 किलोमीटर के लिए 30 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। वर्तमान में निर्धारित रूटों के अनुसार बसें अधिकतम 16.03 किलोमीटर का सफर तय करेंगी, जिससे के लिए यात्री को अधिकतम 30 रुपये में किराया देना होगा।
यह रहेंगे पंचकूला से बसों के रूट
उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक बस सेक्टर-5 बस स्टैंड से सेक्टर-4, 11, 10, 14-15, 12ए और अन्य रूटों से होती हुई पटियाला चैक जीरकपुर से सिंघपुरा पंहुचेगी। इसी प्रकार वापसी में सिंघपुर से इन्ही रूटों को कवर करती हुई सेक्टर-5 बस स्टैंड पहुंचेगी। फिर बस स्टैंड से सेक्टर-2, 5, 7, 8, 9, 10, 11, 17-18 होती हुई हाउसिंग बोर्ड चौक पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि पहली बस सेक्टर-5 बस स्टैंड से सुबह 6.30 बजे चलेगी और अंतिम बस सिंघपुरा से बस स्टैंड के लिए रात 8.45 बजे चलेगी।
इलेक्ट्रिक बसों की संख्या को 50 तक बढ़ाया जाएगा
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में पंचकूला में पांच इलेक्ट्रिक बसों से शुरूआत की गई है। लोगों की मांग को देखते हुए इनकी संख्या को 50 बसों तक बढ़ाया जाएगा। इस इलेक्ट्रिक बस में 45 लोगों के बैठने और 18 से 20 लोगों के खड़े होने की क्षमता है। 30 मिनट के चार्जिंग से इसे 200 किलोमीटर तक चलाया जा सकता है। एक वर्ष में यह बस 70 हजार किलोमीटर का सफर तय करेगी। बस में यात्रियों की सुविधा के लिए पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, पैसेंजर इन्फोरमेंशन सिस्टम, पैनिक बटन, सीसीटीवी सर्विलांस और आईटीएमएस अनेबल्ड सिस्टम की सुविधा दी गई है।
यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर सचिव आरटीए हैरतजीत कौर, हरियाणा रोडवेज पंचकूला के महाप्रबंधक अशोक कौशिक, हरियाणा सिटी बस सर्विस लिमिटेड के अतिरिक्त सीईओ अशोक बंसल, चीफ ऑपरेशन ऑफिसर एसपी परमार, ट्रैफिक मैनेजर व्योम शर्मा, अधीक्षक रतन जांगडा, शिवालिक विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश देवी नगर, बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, बीजेपी जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, जिला महामंत्री परमजीत कौर, मंडलाध्यक्ष जेपी जांगडा, पार्षद हरेंद्र मलिक, जय कौशिक, सुदेश बिडला, बरवाल मंडलाध्यक्ष गौतम राणा सहित सोनू बिडला और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।