चंडीगढ़। राज्य चुनाव आयोग ने प्रदेश में ग्राम पंचायत चुनाव की घोषणा के साथ ही अब चुनाव को लेकर गाइडलाइन भी जारी कर दी है। इस गाइडबुक के जरिए उम्मीदवारों को चुनाव चिह्नों के संबंध में पूरी जानकारी मिलेगी, जिसमें चुनाव चिह्न की तस्वीरें भी दी गई हैं। आयोग की वेबसाइट www.sec.punjab.gov.in पर जाकर यह गाइडबुक प्राप्त की जा सकती है। इस बार पंचायत चुनाव राजनीतिक दलों के चिह्न पर नहीं होना है। यही कारण है कि आयोग की तरफ से अलग से चुनाव चिह्न जारी किए गए हैं। सरपंच के चुनाव के 38 और पंच के लिए 70 चुनाव चिह्न जारी किए गए है। इसी तरह जिला परिषद व ब्लॉक समिति के चुनावों के लिए भी आयोग ने चुनाव चिह्न जारी कर दिए हैं। पंचायत चुनाव के बाद ही जिला परिषद व ब्लॉक समिति के चुनाव करवाने की तैयारी की जा रही है। जिला परिषद के लिए बेल्ट, गैस सिलिंडर, हरमोनियम, जीप व ब्लॉक समितियों के चुनाव के लिए ऑटो रिक्शा, एसी, अलमीरा, बेंच और दूरबीन आदि चुनाव चिह्न जारी किए गए हैं। गाइडबुक में राज्य के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बारे में भी जानकारी दी गई है।