पंचकूला। खरीफ खरीद सीजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पंचकूला, बरवाला और रायपुररानी मंडियों में एक अक्तूबर से धान की खरीद शुरू होगी। उपायुक्त सतपाल शर्मा ने जिला सचिवालय में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को किसानों को किसी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडियों में पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, बायोमेट्रिक कांटे और एमएसपी की जानकारी वाले बोर्ड लगाने को कहा। ग्रेड-ए धान का एमएसपी 2461 और सामान्य धान का 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। धान की खरीद हैफेड और हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन करेगी। बैठक में एसडीएम मन्नत राणा, डीएफएससी जतिन मित्तल, चेयरमैन देशराज पोसवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। संवाद