महासंघ ने 27 दिसंबर को करनाल में अनिश्चितकालीन धरना देने की दी चेतावनी, मंगलवार को 11 नाकों तैनात थी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। अपनी मांगों को लेकर प्रदेशभर से चंडीगढ़ सीएम आवास का घेराव करने जा रहे हरियाणा प्राथमिक कृषि सहकारी समिति (पैक्स) के कर्मचारियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर सेक्टर-5 धरनास्थल पर छोड़ा। कई कर्मचारियों को पुलिस ने बॉर्डर क्षेत्र बरवाला और रायपुररानी में रोककर हिरासत में लिया और देर शाम छोड़ दिया। पुलिस ने धरनास्थल पर शिष्टमंडल की बैठक पंचकूला के डीसी सुशील सारवान से करवाई। उन्होंने आश्वासन दिया कि सत्र खत्म होते ही मुख्यमंत्री से बैठक का समय दिलवाया जाएगा।
महासंघ ने धरना और प्रदर्शन स्थगित नहीं करने की घोषणा कर 27 दिसंबर को करनाल में अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। इसके अलावा जब तक सातवां वेतनमान और बैंक में पदोन्नति की मांग पूरी नहीं की जाती तब तक धरना जारी रहेगा। पैक्स कर्मचारियों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने 11 नाके लगा रखे थे। नाकों पर करीब छह सौ पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया था। धरनास्थल पर सीटीएम राजेश पुनिया, एसीपी सुरेंद्र सिंह, एसीपी राेहताश ढुल, आर्यन चौधरी के अलावा अन्य लोग मौजूद थे।
सेक्टर-2 सहकारी समिति के ऑफिस के बाहर किया प्रदर्शन
मंगलवार दोपहर को प्रदेशभर से सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सेक्टर-2 रजिस्ट्रार सहकारी समितियां के ऑफिस के बाहर पहुंचे और मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। राज्य के संयोजक रमेश कुमार ने बताया कि उनकी मांग है कि सातवें वेतनमान को लागू किया जाए। उन्होंने बताया कि कर्मचारी अपनी मांग को लेकर पंचकूला में एकत्रित हो रहे थे।
पुलिस ने रास्ते में जगह-जगह रोककर उनको हिरासत में ले लिया गया। इसके बावजूद कर्मचारियों ने रजिस्ट्रार ऑफिस के बाहर पहुंचकर प्रदर्शन किया। मंच का संचालन राज्य सह संयोजक रणधीर राघव ने किया। इस दौरान अन्य जिलों से आए प्रधान महासचिवों ने भी सबको संबोधित किया। राज्य कमेटी सदस्य जय सिंह फतेहाबाद, पोलूराम कुरुक्षेत्र, सुभाष नादल कुरुक्षेत्र और अन्य सदस्यों ने भी संबोधित कर गिरफ्तारियां दी।