चंडीगढ़। पंजाब के मुख्य सचिव विजय कुमार जंजुआ ने राज्य में बनने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों और रेलवे प्रोजेक्टों के काम की समीक्षा करते हुए सभी लंबित कार्य जल्द पूरा करने के आदेश जारी किए। वीरवार को संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों, एनएचएआई के अधिकारियों और डिप्टी कमिश्नरों के साथ बैठक में जंजुआ ने कहा कि राज्य में चल रहे राष्ट्रीय प्रोजेक्टों को समय पर मुकम्मल किया जाए और इस मामले में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपने कार्यालय में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रोजेक्टों की समीक्षा करते हुए जंजुआ ने सभी डिप्टी कमिश्नरों को जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तुरंत पूरी करने और संबंधित व्यक्तियों को मुआवजा जारी करने के आदेश भी दिए। उन्होंने कहा कि राज्य के किसानों को मुआवाजे के रूप में 15 हजार करोड़ रुपये की राशि मिलनी है और 40 हज़ार करोड़ की लागत की सड़कों का निर्माण होना है। मुख्य सचिव ने जिला-वार समीक्षा करते हुए प्रत्येक प्रोजेक्ट के वास्तविक काम का जायजा लिया और उसे मुकम्मल करने के निर्देश दिए।
बैठक में वित्त कमिश्नर (राजस्व) केएपी सिन्हा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन) विकास गर्ग, सचिव (लोक निर्माण) नील कंठ अवध, एनएचएआई के सलाहकार हुसन लाल, एडीजीपी (लॉ एंड ऑर्डर) अर्पित शुक्ला, एडीजीपी (ट्रैफिक) एएस राय, डिवीजनल कमिश्नर (जालंधर) गुरप्रीत कौर सपरा, डिवीजनल कमिश्नर (रोपड़) इंदु मल्होत्रा और एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर भी उपस्थित थे। इनके अलावा संबंधित जि़लों के डिप्टी कमिश्नर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये शामिल हुए।
जंजुआ ने बताया कि राज्य में 15 ग्रीनफील्ड एक्सप्रसे-वे बन रहे हैं, जिनकी लंबाई 1173 किलोमीटर है और 9 ब्राउनफील्ड एक्सप्रसे-वे 436
किलोमीटर की लंबाई के बन रहे हैं।