मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए. वेणु प्रसाद ने अधिकारियों से बैठक कर दिए आदेश
कॉलेज की जगह और नक्शे को पहले ही दिया जा चुका है अंतिम रूप, लोगों को मिलेगा फायदा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। डॉ. आंबेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज मोहाली के निर्माण कार्य में तेजी लाने में कोई कसर बाकी न छोड़ी जाएगी। कॉलेज की जगह और नक्शे को पहले ही अंतिम रूप दिया जा चुका है। इस प्रोजेक्ट का काम जल्दी शुरू होगा।
वीरवार को अपने कार्यालय में बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए. वेणु प्रसाद ने कहा कि यह इंस्टीट्यूट राज्य को मेडिकल शिक्षा के गढ़ के तौर पर उभारेगा। यह मानक संस्था एक तरफ विद्यार्थियों को मानक मेडिकल शिक्षा मुहैया करवाने में सहायक होगी, दूसरी तरफ विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय मेडिकल सुविधाएं मुहैया करवाएगी। संस्थान को बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज फरीदकोट से मान्यता प्राप्त है। वहां पर रेगुलर कक्षाएं जल्द शुरू होंगी।
मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि यह अत्याधुनिक इंस्टीट्यूट 28 एकड़ जमीन में बनेगा और यह आधुनिक सुविधाओं और प्राैद्याेगिकी
के साथ लैस होगा। इस कॉलेज में दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी शिक्षा हासिल करने के लिए आएंगे। कॉलेज के साथ उच्च दर्जे की सुविधाओं वाले हॉस्टल का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि इच्छुक विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा के लिए विदेश जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी क्योंकि इन मेडिकल कॉलेजों में ही मानक शिक्षा मुहैया करवाई जाएगी।
इस प्रोजेक्ट को पूरा करने में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए और निर्धारित समय के अंदर कार्य पूरा करने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाए। वह इस प्रोजेक्ट के काम की निजी तौर पर निगरानी करेंगे ताकि इसका समय पर काम पूरा किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को जरूरी औपचारिकताएं जल्द से जल्द मुकम्मल करने के लिए कहा ताकि निर्माण कार्य शुरू किया जा सके।
मीटिंग में अतिरिक्त मुख्य सचिव मेडिकल शिक्षा अनुराग अग्रवाल, प्रमुख सचिव वित्त एके सिन्हा, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग नीलकंठ अवध, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रमुख सचिव हिमांशु जैन और मुख्यमंत्री के संयुक्त विशेष प्रमुख सचिव संदीप गाड़ा और अन्य भी उपस्थित थे।