चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने मंगलवार को ‘ऑपरेशन ईगल-3’ के नाम से राज्य भर के सभी बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों व इनके आसपास के स्थानों पर विशेष तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई डीजीपी गौरव यादव के निर्देशों पर की गई। यह ऑपरेशन दोपहर 12 से दोपहर 3 बजे तक सभी 28 पुलिस जिलों में एक ही समय चलाया गया। इसके अंतर्गत पुलिस टीमों ने खोजी कुत्तों की मदद से रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर आने-जाने वाले लोगों की तलाशी ली। राज्य के 134 बस अड्डों और 181 रेलवे स्टेशनों पर चलाए गए ऑपरेशन के दौरान 917 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जबकि पुलिस टीमों ने 21 एफआईआर दर्ज करके 24 आपराधिक तत्वों को भी गिरफ्तार किया है।
स्पेशल डीजीपी (कानून-व्यवस्था) अर्पित शुक्ला, जो निजी तौर पर इस कार्रवाई की निगरानी कर रहे थे, ने बताया कि इस अभियान को पूरा करने के लिए सभी सीपी/ एसएसपी को प्रत्येक रेलवे स्टेशन/बस अड्डों पर एसपी/डीएसपी रैंक के अधिकारियों के नेतृत्व वाली कम से कम दो मजबूत टीमें तैनात करने को कहा गया था। रेंज अधिकारियों को इस कार्रवाई की निगरानी करने के लिए कहा गया था। पुलिस मुलाजिमों को सभी संदिग्धों से पूछताछ करने और उनकी पृष्ठभूमि की जांच करने के निर्देश दिए गए थे।
उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर लगभग 500 पुलिस टीमें, जिनमें 4000 से अधिक पुलिस कर्मी शामिल थे, ने ऑपरेशन को अंजाम दिया। राज्य के 134 बस अड्डों और 181 रेलवे स्टेशनों पर चलाए गए ऑपरेशन के दौरान 917 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जबकि पुलिस टीमों ने 21 एफआईआर दर्ज करके 24 आपराधिक तत्वों को भी गिरफ्तार किया है।