कमांड हॉस्पिटल के सामने एक्सीडेंट में घायल मृतक लीला शर्मा का बेटा घायल किरण शर्मा।
- फोटो : PKL OFFICE
शहर में वीरवार को कमांड अस्पताल के समीप एक बार फिर दर्दनाक जानलेवा सड़क हादसा हुआ। हादसे में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। इससे बुजुर्ग महिला बाइक से नीचे जा गिरी और ट्रक का टायर उनके चेहरे के ऊपर से निकल गया। बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके बेटे को भी कई जगहों पर चोटें लगी। हैरत की बात यह है कि आरोपी ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। अन्य राहगीरों ने लहूलुहान हालत में सड़क पर गिरे पड़े मां-बेटे को देख तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर-100 पर फोन किया। पीसीआर के पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मां-बेटे को तुरंत सिविल अस्पताल-6 पहुंचाया, जहां महिला को मृत घोषित किया गया। मृतक महिला की पहचान जीरकपुर की एकेएस कालोनी निवासी लीला शर्मा के रूप में हुई है। उनका घायल बेटा किरण शर्मा है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर घटनास्थल की बारीकी से जांच की। घायल किरण शर्मा ने पुलिस को बताया कि वीरवार दोपहर करीब सवा बारह बजे वह मोटरसाइकिल नंबर (पीबी65एएच-9453) पर मां लीला शर्मा सहित कमांड अस्पताल से जीरकपुर स्थित घर जा रहा था। लेकिन अस्पताल के गेट से कुछ आगे निकलते ही पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक नंबर (एमएच04जेयू-1963) के चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे मां लीला शर्मा बाइक से नीचे गिर गई और ट्रक का टायर उनके चेहरे के ऊपर से निकल जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बेटे किरण को भी कई जगहों पर चोटें लगी। शिकायत पर पुलिस ने फरार ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर ट्रक नंबर के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है।