पंचकूला। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में दो साल से पार्किंग का रास्ता एक तरफ से बंद होने के कारण लोगोें को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इमरजेंसी के सामने वन-वे होने के कारण मरीजों, तीमारदारों और अन्य को रोजाना परेशानी हो रही है। बंद रास्ते को दूसरी तरफ से नहीं खोलने के कारण जाम के हालात बनते जा रहे हैं। अभी तक अस्पताल प्रबंधन इस समस्या का निदान नहीं कर पाया है। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में दो साल पहले पार्किंग का रास्ता मदर केयर चाइल्ड अस्पताल के बनने के कारण बंद कर दिया गया। पार्किंग की जगह पर इसे बनाया जा रहा है। इसके बाद दूसरे गेट से प्रवेश करना और बाहर जाना बंद हो गया है। इसे शुरू नहीं किया जा सका है। अस्पताल में सोमवार से शनिवार तक ओपीडी में मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण लोगों को दिक्कत होती है। पार्किंग फुल होने के कारण लोग अस्पताल के बाहर रोड पर गाड़ी पार्क करते हैं। रोड पर वाहन पार्क होने से जाम के भी हालात बनते जा रहे हैं। यही हाल हरियाणा डीजी हेल्थ दफ्तर के सामने की रोड पर भी पार्किंग फुल होने के कारण बनते जा रहे हैं। अभी तक इस समस्या का स्थायी हल नहीं निकाला जा सका है। इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को भी जाम का सामना करना पड़ता है। इमरजेंसी में इलाज करवाने आए सेक्टर-12 के तेजिंदर सिंह ने बताया कि गाड़ी नहीं निकलने में दिक्कत हुई है। अस्पताल के बाहर गाड़ी खड़ी कर गए। इस कारण परेशानी हुई। ओपीडी में दिखाने आए सेक्टर-16 के वैभव शर्मा ने बताया कि रास्ता नहीं खुला होने के कारण गाड़ी बाहर खड़ी करनी पड़ रही है। हमारी मांग है कि इसका दूसरा रास्ता पूरी तरह से शुरू किया जाए। कोट
सिविल अस्पताल में नई बिल्डिंग बनने की वजह से पार्किंग का रास्ता बंद है। बिल्डिंग के निर्माण में अभी छह माह का समय लगेगा। जैसे ही बिल्डिंग तैयार हो जाएगी इस रास्ते को दोबारा तरीके से शुरू किया जाएगा। - डॉ. उमेश मोदी, पीएमओ, सिविल अस्पताल सेक्टर-6