सेक्टर-11 के एक निजी होटल से शुक्रवार की देर शाम जुआ खेलते अरेस्ट किए गए 22 आरोपियों के अलावा पुलिस ने होटल के मालिक पर भी केस दर्ज किया है। हालांकि, बकौल पुलिस छापेमारी के दौरान होटल का मालिक वहां मौजूद नहीं था। जांच में आरोपी की ओर से जुआरियों की मदद करने पर उसे अरेस्ट किया जा सकता है। पुलिस की शुरूआती जांच में आरोपी की पहचान गांधी के रूप में हुई है। हालांकि, पुलिस उसकी पूूरी पहचान पता लगाने के प्रयास में है। इसके अलावा पुलिस ने होटल में ठहरने वाले और आवाजाही करने वालों से संबंधित रिकॉर्ड रजिस्टर को भी कब्जे में लिया है। ताकि पता लग सके कि जिन 22 आरोपी आरोपियों को होटल के फर्स्ट फ्लोर के हॉल से ताश के पत्तों के जरिए जुआ खेलते अरेस्ट किया, होटल संचालक ने उनके पहचान पत्र की फोटोकॉपी ली थी या नहीं। इसके अलावा पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज को भी कब्जे में लिया है। ताकि आरोपियों के होटल में आने से लेकर अन्य गतिविधियों के दृश्य कब्जे में लेकर केस को मजबूती दी जा सकें। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने सभी 22 आरोपियों के 22 मोबाइल भी कब्जे में ले लिए हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर आरोपियों की तलाशी में एक लाख 18 हजार रुपये रिकवर किए थे। आरोपियों से रिकवर मोबाइल और होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज की जांच जिला पुलिस की साइबर टीम कर रही है। पुलिस ने शुक्रवार को सभी आरोपियों से देर रात तक पूछताछ की। ताकि यह पता लग पाता कि आरोपी सेक्टर-11 के उक्त होटल के अलावा अन्य किन-किन जगहों पर जुआ खेलते रहे हैं। पूछताछ के बाद आरोपियों को जमानत पर छोड़ा गया।