पंचकूला। एंटी नारकोटिक्स सेल ने 104 ग्राम हेरोइन सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक्स सेल की यह अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी बताई जा रही है। सेल के इंचार्ज सुरेंद्र पाल के नेतृत्व में टीम ने यह कामयाबी हासिल की है। आरोपी की पहचान बबलू मंडावाला पिंजौर निवासी के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश करेगी।
एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम को सूचना मिली थी, कि आरोपी हेरोइन सप्लाई करने का काम करता है। वह रविवार को मंडावाला स्थित नदी के पास हेरोइन सप्लाई करने आएगा। सूचना पाते ही एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम नदी के पास पहुंची और आरोपी को हेरोइन सहित पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पिंजौर थाने में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से जानकारी जुटा रही है कि वह किससे हेरोइन लेकर आया था, ताकि उसे भी गिरफ्तार किया जा सके।