फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panchkula News: सांप, बिच्छू, गंदगी से निजात दिलाएं सरकार, घग्गर पार रहना अब नहीं आसान

विज्ञापन
विज्ञापन
सेक्टर-23 कम्युनिटी सेंटर में 55 शिकायतें आईं, विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को दिए निदान के निर्देश
विज्ञापन

माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। जनता दरबार में शुक्रवार को घग्गर पार समेत अन्य सेक्टरों के लोगों ने बारिश के बाद की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। परेशान लोगों का कहना था कि पहले संरक्षित पशुओं और लावारिस कुत्तों से परेशान थे। अब मच्छरों, जलभराव, सांप-बिच्छू और गंदगी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सेक्टर-23 स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस सामुदायिक केंद्र में आयोजित जनता दरबार में लोगों का कहना था कि घग्गर पार के सेक्टरों से डाेर-टू-डाेर कूड़े का उठान नहीं हो रहा है। जगह-जगह बारिश का पानी रुका हुआ है। इससे क्षेत्र में मच्छरों की भरमार है। बड़ी-बड़ी घास में सांप और बिच्छू पनप रहे हैं। डेंगू भी फैलने की संभावना बनी हुई है। संरक्षित पशुओं की वजह से आए दिन हादसे होते रहते हैं। इन समस्याओं से क्षेत्र के हजारों लोगों को निजात दिलाई जाए। खुला दरबार में विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने 55 शिकायतें सुनी और संबंधित अधिकारियों को निदान करने को कहा।
सेक्टर-28 के प्रधान मोहिंदर सिंह बलहारा ने जनता दरबार में कहा कि उनके सेक्टर में डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां नहीं आ रही हैं। इस कारण लोगों के घरों का कूड़ा नहीं उठ रहा है। संरक्षित पशु भी सेक्टर की मुख्य सड़कों पर घूम रहे हैं। इसका अभी तक कोई निदान नहीं किया गया है। सेक्टर-31 स्थित सोसायटी के निवासी मोहिंदर कुमार ने बताया कि सेक्टर में लगातार बिजली के कट लगते रहते हैं। मरम्मत के नाम पर दिन में 15 से अधिक बार कट लगते हैं। इस समस्या का निदान नहीं किया गया है। स्पीकर ने अधीक्षण अभियंता को बिजली कट की सभी समस्या का जल्द ठीक करने के निर्देश दिए। वहीं सेक्टर -25 निवासी प्रवीन कुमार बजाज ने बताया कि उनके घर के बगल के प्लाट में पानी भरा है। इस कारण डेंगू के मच्छर पैदा होने का डर बना है। वहीं बारिश का पानी नहीं निकलने के कारण सांप सहित अन्य जानवरों का घरों में घुसने का खतरा बना रहता है। इसे भी अभी तक नहीं हटाया गया है। इस पर उन्होंने कहा कि किसी भी जगह पर एचएसवीपी की ओर से जल जमाव नहीं होना चाहिए। इसकी सफाई विभाग को तुरंत करवानी चाहिए।
विज्ञापन


अधिकारी जवाबदेही रखें बरकरार
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि जनता दरबार के दौरान प्रस्तुत सभी 55 शिकायतों पर हुई प्रगति की समीक्षा करने के लिए 5 व 6 सितंबर को बैठक करेंगे। उन्होंने लोक सेवक के रूप में अपनी भूमिका पर जोर देकर अधिकारियों को बहाने बनाने के बजाय समस्याओं का हल करने पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार निर्वाचित प्रतिनिधि जनता के प्रति जवाबदेह होते हैं, अधिकारियों को भी उसी स्तर की जवाबदेही बरकरार रखनी चाहिए। भारी बारिश के कारण हुए गड्ढों की शिकायतों का समाधान में उन्होंने कहा कि सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए मानसून के बाद एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि जहां से शिकायतें आती हैं, वहां स्पीड ब्रेकर बनाते समय निर्धारित मापदंडों का पालन करें।

स्कूल की जमीन से हटाएं कब्जे
सरकारी स्कूल की जमीन पर अतिक्रमण के संबंध में नाडा गांव के निवासियों की एक शिकायत पर तुरंत प्रतिक्रिया देकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदार पक्षों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड, संपत्ति आईडी जारी करने से संबंधित समस्याओं को भी संबोधित किया और अधिकारियों से इन मामलों को तुरंत हल करने का आग्रह किया। रेहड़ी-फड़ी वालों द्वारा अतिक्रमण की शिकायतों के संबंध में उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को ऐसे विक्रेताओं की पहचान करने और नियमों के अनुसार उन्हें हटाने के निर्देश दिए।

सेक्टर में चलाएंगे सीटीयू बसें
नदी पार सेक्टरों में सीटीयू बस नंबर-32 रूट की मांग के संबंध में उन्होंने आश्वासन दिया कि वह सर्वोत्तम समाधान के लिए इस मामले को चंडीगढ़ प्रशासन को लिखेंगे। इसके अलावा उन्होंने सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार को सेक्टर-26 डिस्पेंसरी और पॉली क्लीनिक का दौरा कर सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता के साथ-साथ स्थानीय निवासियों की शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विज्ञापन


पंचकूला में एसपीओ करेंगे तैयार
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि 10 दिन में पूरे पंचकूला के लिए एक व्यापक स्थायी संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाएगी, जिसका उद्देश्य पंचकूला के सभी क्षेत्रों में व्यापक हरियाली को सुनिश्चित कर उसे बनाए रखना है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना है कि कहीं किसी मोड़ पर कोई ब्लाइंड कार्नर न रहे। इसके अलावा 20,000 एलईडी लाइटें भी मंजूर की गई हैं। जल्द ही ये लाइटें पूरे पंचकूला में लगाई जाएंगी। कार्यक्रम में महापौर कुलभूषण गोयल, उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी, नगर निगम आयुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस उपायुक्त सुमेर प्रताप सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त वर्षा खंगवाल, एसडीएम पंचकूला ममता शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश पुनिया और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें